सोनल सलोनी माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट ने स्कूल के बच्चों को बांटे शिक्षण सामग्री
- A1 Raj
- 5 अग॰ 2023
- 2 मिनट पठन
शिक्षा से ही होगा बच्चों का ब्राइट फ्यूचर–गोकुल माहेश्वरी
जयपुर। शिक्षा से ही बच्चों का ब्राइट फ्यूचर होगा और आओ हम सभी एक समझदारी भरा कदम उठाते हुए सबको शिक्षा का पाठ पढ़ाएं। यह कहना है सोनल सलोनी माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं समाजसेवी गोकुलदास माहेश्वरी का, जिन्होंने शनिवार को राजधानी के आदर्श नगर इलाके में जनता कॉलोनी स्थित ब्राइट फ्यूचर स्कूल में सोनल सलोनी माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से बच्चों को स्टेशनरी आइटम्स व बुक्स बांटे।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और संस्कार जीवन के मूल मंत्र हैं, क्योंकि शिक्षा कभी झुकने नहीं देगी और संस्कार कभी गिरने नहीं देगी। गोकुल माहेश्वरी ने बताया कि बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सोनल सलोनी माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से विभिन्न स्कूलों के जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित करने का एक अनूठा अभियान चलाया जा रहा है।

इसके अंतर्गत राजधानी जयपुर के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों में जरूरतमंद बच्चों को बुक्स और स्टेशनरी आइटम्स वितरित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को ब्राइट फ्यूचर स्कूल में पढ़ने वाले नन्हें मुन्ने बच्चों को पेंसिल, रबड़, शॉर्पनर, स्केच कलर, नोट बुक इत्यादि बांटी गई। इस मौके पर गोकुलदास ने बताया कि उनके ट्रस्ट की टीम ने सर्वे किया है और अब जयपुर से बाहर के जिलों की स्कूलों में जरुरतमंद बच्चों को बुक्स एवं स्टेशनरी आइटम्स बांटे जाने का निर्णय लिया गया है।

इनमें सबसे पहले झुंझुनूं जिले में सीसीए एजुकेशन से इस अभियान को शुरू किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सीसीए एजुकेशन बच्चों को बेहतर शिक्षा देने में बहुत ही अच्छा कार्य कर रहा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए अब झुंझुनूं से भी शिक्षा के इस अभियान को शुरू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि जो बच्चे पढने में अव्वल हैं, उनकी आगे की पढ़ाई के लिए सोनल सलोनी माहेश्वरी ट्रस्ट की तरफ से जल्द ही स्कॉलरशिप देने की शुरुआत भी की जाएगी।







टिप्पणियां