भारतीय मानक ब्यूरो की तरफ से ‘बेहतर विश्व हेतु साझा द्रष्टिकोण’ पर हुई कार्यशाला
- A1 Raj
- 14 अक्टू॰ 2023
- 3 मिनट पठन
विभिन्न मानकों के प्रति आमजन को करें जागरूक
जयपुर। भारतीय मानक ब्यूरो की तरफ से विश्व मानक दिवस 14 अक्टूबर के उपलक्ष्य में राजधानी जयपुर के सीस्कीम स्थित एक होटल में ‘बेहतर विश्व हेतु साझा द्रष्टिकोण’ विषय पर हुए कार्यशाला आयोजित किया गया।

इसका उद्घाटन करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह ने कहा कि विभिन्न मानकों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए सभी को प्रतिज्ञा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आईएसआई मार्क का हेलमेट के उपयोग के बारे में पुलिस और भारतीय मानक ब्यूरो नें संयुक्त रूप से अभियान चलाया हुआ है। विजय ने बताया कि जागरूकता के साथ ही हेलमेट की विक्रय करने वाले दूकानदारों को भी मानको से संबन्धित कानूनी जानकारी दी गई है कि बिना आईएसआई मार्क वाले हेलमेट बेचना कानूनी अपराध है। विजय सिंह ने स्वास्थ्य सहित आयुर्वेद के क्षेत्र में भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा मानक स्थापित करने की पहल को एक बेहतर कदम बताया।

कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो की अपर महानिदेशक ऋतु शुक्ला ने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी भारतीय मानक ब्यूरो और अन्य संस्थाओं को विभिन्न मानकों के बारें में जागरूकता अभियान चलाने चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया के उपयोग पर कहा कि मानक जागरूकता सम्बन्धी रील्स बनानी चाहिए ताकि आम उपभोक्ता तक पहुँच सके। बीआईएस ऐप में उपलब्ध गुणवत्ता की जानकारी देते हुए ऋतु शुक्ला ने कहा कि मोबाइल उपभोक्ता इसको अधिक से अधिक डाउनलोड करें, इस संबंध में भी जागरूकता लाने की आवश्यकता है।

एसएमएस मेडिकल कॉलेज के सीनियर प्रोफेसर एवं यूनिट प्रमुख (आर्थोपेडिक्स) व नोडल अधिकारी ट्रॉमा सेंटर डॉक्टर अनुराग धाकड़ ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम आने वाले उपकरणों का भी मानिकीकरण होता है। उन्होंने कहा कि मानिकीकरण भी एक सतत प्रक्रिया है, जो आवश्यकता के अनुरूप परिवर्तित होती रहती है। डॉ धाकड़ ने लोगों को अपने स्वास्थ्य के लिए नियमित व्यायाम करने के बारे में सजग रहने की बात कही।

भारतीय मानक ब्यूरो की प्रमुख कनिका कालिया ने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो ने विभिन्न क्षेत्रों में 21 हजार मानक तय किए हैं। साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में 1500 मानक निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय मानकीकरण संस्थान आईएसओ, आईईसी और आईटीयू द्वारा वर्ष 2021 से प्रतिवर्ष मनाए जा रहे विश्व मानक दिवस की विषय वस्तु को ‘’सतत विकास लक्ष्य‘’ रखा गया है। इस अवसर पर इन लक्ष्यों को प्राप्त करने में मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जन जागरूकता उत्पन्न करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

वर्ष 2023 में इसी क्रम में ‘’सभी के लिए सुलभ और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवा’’, जो कि सतत विकास लक्ष्य–3 है, उस विषय वस्तु पर विश्व मानक दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यूथ टू यूथ कनेक्ट के अंतर्गत भारतीय मानक ब्यूरो के जयपुर शाखा कार्यालय द्वारा प्रदेश के 13 जिलों में स्थित शासकीय पालीटेक्निक, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग कालेजों में विद्यार्थियों में मानकों के बारे में छात्र मानक मित्रों के द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही विभिन्न तकनीकी संस्थाओं में विभिन्न विषयों से मानकों से संबंधित तकनीकी संगोष्ठी और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है।

उन्होने बताया कि ट्रेडर्स कनेक्ट के अंतर्गत अनिवार्य मानकीकरण के संदर्भ में आने वाले उत्पादों के बारे में जागरूकता चलाया जाएगा। जिसमें बीआईएस द्वारा अधिकृत स्वयं सेवक अलग-अलग बाजारों में स्थित ट्रेडर्स को प्रमाणीकृत उत्पादों को पहचानने के लिए उनके संस्थान में जाकर जागृत करेंगे। क्वालिटी कनेक्ट की जानकारी देने के प्रमाणीकृत उत्पादों और हॉल्मार्क के बारे में जागरूक किया जा रहा है, जिसमें बीआईएस द्वारा अधिकृत स्वयंसेवक आमजन को घर घर जाकर जागृत कर रहे हैं। यह कैम्पैन जयपुर और अजमेर जिले में चलाया जा रहा है।

तकनीकी सत्र में निदेशक सिपेट संजय चौधरी और निदेशक, एमएसएमई (डीआई) वी.के. शर्मा, आईएचएमआर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ प्रह्लाद राय सोढानी और राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के डॉ पुनीत चतुर्वेदी ने भी अपने विचार रखे। कार्यशाला में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लोग और शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बीआईएस के लाइसेंसधारी इंडस्ट्री, स्टेण्डर्ड्स क्लब मेम्बर एंड मेंटर, रिसोर्स पर्सन, कंज्यूमर ऑर्गेनाइज़ेशन इत्यादि के प्रतिनिधियों को गुणवत्ता के संवर्धन में किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।







टिप्पणियां