भारतीय मजदूर संघ के 70वें वर्ष में प्रवेश एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय "नारी शक्ति सम्मेलन" का आयोजन किया
- A1 Raj
- 10 मार्च 2025
- 3 मिनट पठन
जयपुर, 9 मार्च। आज बालिका आदर्श विद्या मंदिर अम्बाबाडी, जयपुर में भारतीय मजदूर संघ के 70वें वर्ष में प्रवेश एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राज्यस्तरीय "नारी शक्ति सम्मेलन" का आयोजन किया गया। भा.म.संघ प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती तारा चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित "नारी शक्ति सम्मेलन" में प्रदेशभर से हजारों महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम सत्र को सम्बोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय उपाध्यक्ष सौ. नीता चौबे ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ की 70वर्ष की यह यात्रा 23 जुलाई 1955 को भोपाल से प्रारम्भ हुई। आज यह कामगार संगठन शून्य से शिखर तक पहुँचा है। भारत ही नहीं बल्कि विश्व का सबसे बड़ा ट्रेड यूनियन बन चुका है। राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए श्रमिकों में राष्ट्रहित, सेवाभाव एवं श्रमिकों में आपसी सद्भावना जगाकर उन्हें प्रोत्साहित कर रहा है। यह लिंग, धर्म, जाति उद्योग, क्षेत्र तक सीमित न होकर वास्तविक तौर पर विश्व में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा है। जिसमें महिला शक्ति का विशेष योगदान है।

साध्वी सुहदया दीदी ने अपने सम्बोधन में परिवार प्रबोधन विषय पर प्रकाश डालते हुए संघ के पंच परिवर्तन में समाहित भारतीय कुटुम्ब व्यवस्था पर कहा कि हिन्दु परिवार भारतीय समाज में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह न केवल सामाजिक, धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होता है बल्कि यह एक भावनात्मक समर्थन और पारिवारिक सम्बन्धों को भी मजबूत करता है। पारम्परिक नैतिक मूल्यों और संस्कारों से परिपूर्ण यह भारतीय संस्कृति के स्तम्भ के रूप में संपूर्ण जगत को दिशा दिखाता है।








टिप्पणियां