कलाकार हरबंस ग्रेवाल ने छलकाया प्रात:कालीन रागों का लालित्य
- A1 Raj
- 16 अप्रैल 2023
- 2 मिनट पठन
कलाकार हरबंस ग्रेवाल ने छलकाया प्रात:कालीन रागों का लालित्य
खिल उठा शास्त्रीनगर साइंस पार्क का प्रांगण
मॉर्निंग क्लासिकल कार्यक्रम में घुली सुरों की मिठास
जयपुर, 16 अप्रेल। कला व संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार और संगीत आश्रम संस्थान व न्यू ब्लूम की तरफ से चल रहे तीन दिवसीय शास्त्रीय संगीत समारोह में रविवार को यहां शास्त्रीनगर साइंस पार्क प्रांगण प्रात:कालीन राग-रागनियों की खुशबू से खिल उठा।

यहां म्यूजिक विद् नेचर के तहत मॉर्निंग क्लासिकल कार्यक्रम में जयपुर के मकबूल कलाकार हरबंस ग्रेवाल ने सुरों की मिठास घोली।

वरिष्ठ संगीत निर्देशक अमित अनुपम के निर्देशन में सजे इस कार्यक्रम में जयपुर के सुरीले वरिष्ठ कलाकार हरबंस ग्रेवाल ने प्रात:कालीन राग-रागनियों के सुरों से ताजगी का रुहानी अहसास कराया। उन्होंने सुरीले आलाप, तानें व मुर्कियों से कार्यक्रम को असरदार बनाया।

इससे पहले सुरेन्द्र सिंह रत्नू ने मां सरस्वती देवी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। वरिष्ठ कलाकार हरबंस ग्रेवाल शुरू में राग नट भैरव के सुर साधे। उन्होंने सुरों के खूबसूरत लगाव, ठहराव की उम्दा बानगी दर्शाकर राग नट भैरव का लालित्य छलकाया। उन्होंने इस राग की बंदिश माई मोरे नैना बसे रघुवीर...को सुरों की दकीकता से मध्यलय तीनताल में पेश कर सुबह के सुरों की बयार से दानिशी श्रोताओं के दिलों को छू लिया। इसके बाद कलाकार हरबंस ग्रेवाल ने राग गुजरी तोड़ी की बंदिश चलो सखी सौतन के घर जाइए...को नजाकत व नफासत से पेश कर माहौल में प्रात:कालीन राग-रागनियों की मिठास घोल दी। इस कलाकार ने आखिर में राग भैरवी की रचना कैसी यह भलाई रे...को सुर, लय और ताल में उम्दगी से पिरोकर कार्यक्रम को विराम दिया। तबले पर दिलशाद खान, हारमोनियम पर शेर खान ने प्रभावी संगत की। संचालन वीना अनुपम ने किया।
अंत में संस्थान सचिव अमित अनुपम ने सभी श्रोताओं का आभार जताया।

पं. गोविंद प्रसाद व्यास की कथक की प्रस्तुति आज
कला व संस्कृति विभाग और संगीत आश्रम संस्थान, न्यू ब्लूम की तरफ से तीन दिवसीय शास्त्रीय संगीत समारोह के आखिरी दिन 17 अप्रेल, सोमवार को शाम 5:00 बजे कथक नृत्य संध्या होगी। यह कार्यक्रम चित्रकूट, वैशाली नगर स्थित नटराज डांस एंड म्यूजिक एकेडमी परिसर में होगा। कार्यक्रम में पं. गोविंद प्रसाद व्यास कथक की प्रस्तुति देंगे।







टिप्पणियां