एमएसएमई फुटवियर उद्योग बीआईएस मानक से मुक्त हो
- A1 Raj
- 22 सित॰ 2023
- 1 मिनट पठन
जयपुर। राजस्थान फ़ुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने "नो बीआईएस" के मुद्दे को लेकर गुरुवार को राजधानी के बेनाड रोड स्थित एक होटल में मीटिंग आयोजित की।

इस मीटिंग का आयोजन सरकार को यह संदेश देने के लिए किया गया कि फ़ैशन फ़ुटवियर और जनरल पर्पज़ फ़ुटवियर पर बीआईएस का समर्थन नहीं किया जा सकता। क्योंकि एक ही मानक से सभी प्रकार के फ़ुटवियर को कवर करना संभव नहीं। फ़ुटवियर एक फैशन आधारित उद्योग है और प्रवृत्तियाँ और निर्माण विधि बदलती रहती हैं। इसलिए फ़ुटवियर पर एक ही मानक को फिक्स करना संभव ही नहीं।

इस सम्बंध में देशभर में 25 सितंबर को समस्त उद्यमी सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। इसी क्रम में राजस्थान के समस्त उद्यमी अपनी फैक्ट्री व कार्यालय के बाहर सुबह 11 बजे कारीगरों व कर्मचारियों सहित उद्योगपति उपस्थित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

इस मीटिंग की अध्यक्षता आरएफएमए के अध्यक्ष शिखरचंद बैराठी ने की। वहीं मीटिंग में ऑल इंडिया एमएसएमई फ़ुटवियर काउंसिल के कनविनर जे.पी. चुग ने बीआईएस मानक और इसके एमएसएमई पर प्रभाव को साझा किया। आरएफएमए के सचिव सौरभ बैराठी ने बीआईएस मानक की समस्याओं को साझा किया।

वहीं नानकराम थावानी ने कहा कि अधिकारियों द्वारा एसी ऑफिस में बैठकर नियम बनाए गए हैं, जिसे जमीनी स्तर पर लागू करना असम्भव है। उन्होंने एमएसएमई फुटवियर उद्योग को बीआईएस मुक्त होने तक मुहिम जारी रखने की बात कही। इस मीटिंग का आयोजन नानकराम थावनी के संयोजन में किया गया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रवीण बंका ने दिया।







टिप्पणियां